Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, यूपीआई से एक लाख ट्रांसफर, 20 हजार नकद छीने

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 16/09/2026 04:24:07 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 16/09/2026 04:24:07 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती सोशल मीडिया पर पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाकर युवक को बुलाने, मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाने और पिस्टल के बल पर 1.20 लाख रुपये लूटने के मामले में हर्रैया और छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, चार कारतूस, लूट की रकम में से 17,140 रुपये, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती सोशल मीडिया पर पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाकर युवक को बुलाने, मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाने और पिस्टल के बल पर 1.20 लाख रुपये लूटने के मामले में हर्रैया और छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, चार कारतूस, लूट की रकम में से 17,140 रुपये, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, एसपी बस्ती के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार और प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे बैलाडे शुक्ल मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पेट्रोल पंप के पास बुलाकर कार में बैठाया

छावनी थाना क्षेत्र के शंभूपुरा निवासी नीरज दुबे ने 15 सितंबर को हर्रैया थाने में तहरीर दी थी। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने बताया कि उसके पूर्व परिचित सूरज मिश्र ने फोन कर उसे त्यागी पेट्रोल पंप, बड़हर कला के पास बुलाया था। वहां पहुंचने पर कार में सूरज मिश्र, श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष और सत्यम तिवारी पहले से मौजूद थे।

आरोप है कि तीनों युवक नीरज को काले रंग की स्विफ्ट कार में बैठाकर हरदिया प्राथमिक विद्यालय के पास ले गए। वहां उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा अश्लील वीडियो बनाया गया। इसके बाद पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके यूपीआई खाते से एक लाख रुपये गौतम कुमार के खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। इसके अलावा पीड़ित के झोले में रखे 20 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए।

मुकदमा दर्ज, आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई

पुलिस ने तहरीर के आधार पर हर्रैया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 264/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। मामले में नामजद तीसरे आरोपी सत्यम तिवारी की तलाश की जा रही है।

लूट की रकम में से 17,140 रुपये बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लूटे गए 20 हजार रुपये में से 17,140 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शेष 2,860 रुपये खाने-पीने में खर्च करने की बात बताई। इसके अलावा दो आईफोन और दो एंड्रॉयड मोबाइल समेत चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पहले से बनाई थी वारदात की योजना

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सूरज मिश्र ने पीड़ित से करीब पांच-छह वर्ष पुरानी जान-पहचान होने की बात बताई। दोनों के बीच फोन और मैसेज के माध्यम से बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से योजना बनाई थी। बरामद पिस्टल के संबंध में आरोपियों ने बताया कि इसे गोंडा जिले के ताबेपुर क्षेत्र के एक हथियार तस्कर से खरीदा गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इसी पिस्टल के जरिये लोगों को डराने-धमकाने की बात भी स्वीकार की है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे हरदिया चौराहे से लखनऊ भागने की फिराक में थे।

दोनों आरोपियों पर कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सूरज मिश्र के खिलाफ छावनी, हर्रैया और नगर थाने में पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष के खिलाफ हर्रैया, छावनी, परसरामपुर और दुबौलिया थानों में आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्र, कामेश्वर मिश्र और मनोज यादव, हेड कांस्टेबल दीपराज यादव तथा कांस्टेबल राजेश मौर्या, नरेंद्र कुमार और ज्ञान प्रकाश वर्मा शामिल रहे। पुलिस तीसरे आरोपी सत्यम तिवारी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी के बुलाने पर सुनसान स्थान पर जाने से बचें। धमकी, ब्लैकमेलिंग या जबरन वसूली की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related News

उत्तर प्रदेश: प्रोजेक्ट संवर्धन के तहत डीएम ने किया VHSND सत्र का किया निरीक्षण, टीकाकरण और HRP फॉलोअप पर दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर पुलिस ने बरामद किए 151 गुम मोबाइल, 30–35 लाख रुपये कीमत के फोन मालिकों को लौटाए

उत्तर प्रदेश: श्री परिवार दिव्य महायज्ञ समिति ने किया गणेश महोत्सव का समापन

 उत्तर प्रदेश: 24 घंटे में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल धारदार परखी हुई बरामद

 उत्तर प्रदेश: बस्ती जिला कारागार का जिला जज, डीएम और एसपी ने किया आकस्मिक निरीक्षण

 उत्तर प्रदेश: बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारियों ने ट्रक मालिकों पर मनमानी वसूली और धमकी का लगाया आरोप, सौंपा ज्ञापन


Featured News