-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: 24 घंटे में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल धारदार परखी हुई बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर बेलहरकला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई नुकीली धारदार परखी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को जंगल दशहर मोड़, ग्राम पिपरी के पास से गिरफ्तार किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर बेलहरकला थाना क्षेत्र के जंगल दशहर में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई नुकीली धारदार परखी बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को जंगल दशहर मोड़, ग्राम पिपरी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रामदास गुप्ता पुत्र हरिराम गुप्ता, निवासी जंगल दशहर, थाना बेलहरकला है। उसके खिलाफ बेलहरकला थाने में हत्या और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाद के दौरान सीने और पेट पर किए कई वार पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को जंगल दशहर निवासी मंजू देवी ने तहरीर देकर बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर रामदास गुप्ता ने उसके पति राजू पर नुकीले धारदार हथियार से हमला किया। राजू के पेट पर कई वार किए गए। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर बेलहरकला थाने में मुकदमा अपराध संख्या 278/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 103(1) बीएनएस और 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात आई सामने पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेंद्र और उसकी पत्नी का उसके यहां आना-जाना था। राजू की पत्नी मंजू और उसके भाई महेंद्र के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी बात को लेकर 15 सितंबर की शाम राजू, उसकी पत्नी मंजू और रामदास के बीच गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में रामदास ने बताया कि झगड़े के दौरान उसने बोरे से अनाज निकालने वाली नुकीली धारदार परखी से राजू के सीने और पेट पर कई वार कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार नुकीली परखी बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 15 हजार का पुरस्कार घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश शुरू की और 16 सितंबर को जंगल दशहर मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई करने वाली टीम में बेलहरकला थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, कांस्टेबल रोहित कुमार, सतीश कुमार त्रिपाठी और ओमप्रकाश चौरसिया तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अमरजीत मौर्य और पीयूष कुमार गुप्ता शामिल रहे। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में की गई।
