-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर पुलिस ने बरामद किए 131 गुम मोबाइल, कीमत करीब 30 लाख रुपये
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से 131 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। मोबाइल बरामद होने की जानकारी मिलने पर उनके स्वामियों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर गुम मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल और थानों पर सीईआईआर पोर्टल के लिए नियुक्त कर्मचारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और सीसीटीएनएस से प्राप्त ट्रेसबिलिटी विवरण के आधार पर मोबाइलों की तलाश शुरू की। आईएमईआई और सिम की जानकारी से मोबाइल तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने गुम मोबाइलों के आईएमईआई नंबर और सिम से संबंधित तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। इसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर मोबाइलों की लोकेशन और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाकर उन्हें बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार लखनऊ, बेंगलुरु और बिहार समेत देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से भी गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं। अन्य राज्यों में बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए संबंधित राज्यों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय किया जा रहा है।बरामद मोबाइलों में कोतवाली खलीलाबाद के 29, थाना दुधारा के 18, महिला थाना के तीन, धनघटा के एक, महुली के 26, मेंहदावल के 10, बखिरा के 10, बेलहरकला के 18, धर्मसिंहवा के एक और एएचटी के 15 मोबाइल शामिल हैं। यह रही मोबाइल बरामदगी में जुटी टीम मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सिंह, कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश सिंह, अमरजीत मौर्य, नितीश कुमार और पीयूष कुमार गुप्ता शामिल रहे। थाना स्तर पर कोतवाली खलीलाबाद से आरक्षी रविकान्त कुशवाहा ने 29, दुधारा से कंप्यूटर ऑपरेटर विवेक सिंह ने 18, महिला थाना से आरक्षी अजय मौर्या ने तीन, धनघटा से आरक्षी इन्द्रजीत कुमार ने एक, महुली से आरक्षी अंकित पटेल ने 26, मेंहदावल से आरक्षी सौरभ कुमार ने 10, बखिरा से आरक्षी चन्द्रभान सिंह ने 10, बेलहरकला से आरक्षी राजेन्द्र प्रसाद ने 18, धर्मसिंहवा से महिला आरक्षी शिवांगी सिंह ने एक और एएचटी से आरक्षी दिलीप गोंड ने 15 मोबाइल बरामद किए। मोबाइल गुम हो तो CEIR पर दर्ज कराएं शिकायत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। इसके माध्यम से मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक कराने और ट्रेस कराने की प्रक्रिया में मदद मिल सकती है। शिकायत के लिए आधार कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल उपलब्ध होने पर, गुमशुदगी/एफआईआर की प्रति, मोबाइल धारक का विवरण, मोबाइल नंबर, आईएमईआई नंबर और मोबाइल मॉडल की जानकारी आवश्यक हो सकती है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मोबाइल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
