-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली जिला अस्पताल से पुलिस हिरासत में महिला आरोपी फरार, दो महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला अभियुक्ता बुधवार शाम पुलिस हिरासत से फरार हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला अभियुक्ता बुधवार शाम पुलिस हिरासत से फरार हो गई। महिला ने बाथरूम जाने की बात कही और इसी दौरान पुलिस की निगरानी से निकल गई। महिला के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार महिला की पहचान ममता देवी (48) पत्नी पप्पू वाल्मीकि, निवासी तुलाशेरपुर, इज्जतनगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ममता देवी को 31 अगस्त को जिला जेल से अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाथरूम जाने के बाद हुई फरार बुधवार शाम करीब छह बजे महिला ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे बाथरूम की ओर लेकर गए। इसी दौरान वह पुलिस की निगरानी से निकलकर अस्पताल परिसर से फरार हो गई। कुछ समय बाद जब महिला वापस नहीं लौटी तो पुलिसकर्मियों को उसके फरार होने की जानकारी हुई। इसके बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में महिला की तलाश शुरू की गई, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस की कई टीमें महिला की तलाश में जुट गईं। दो महिला पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई महिला अभियुक्ता की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। दोनों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में महिला के फरार होने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए दोनों महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा पुलिस के अनुसार ममता देवी के खिलाफ फरीदपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। पुलिस अब महिला की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल से निकलने के बाद वह कहां गई और क्या किसी व्यक्ति ने उसकी फरारी में मदद की।पुलिस टीमें महिला के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला को जल्द पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
