-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: फुटहिया में मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल और नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल और नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी के मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को फुटहिया चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भारी भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों के मोबाइल और नकदी चोरी की गई थी। मामले में थाना नगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने संसारपुर शहीद स्मारक के पास घेराबंदी कर दो बाइकों पर सवार छह संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रैलियों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी किए गए मोबाइल आपस में बांट लेते थे और बाद में उन्हें बेचकर रकम हासिल करते थे। गिरोह के सदस्यों के दिल्ली, गोंडा, मेरठ और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में सक्रिय रहने की जानकारी सामने आई है। जांच में आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक राकेश कुमार पर 13 और समर पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कई जिलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पासनाथ जायसवाल, संतोष बाजपेई, सुनील कुमार, राकेश कुमार, समर और सत्यम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े दूसरे मामलों की भी जांच कर रही है।
