-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: यूपी में आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी सौगात, नई डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के तहत आउटसोर्स कर्मियों के मानव संसाधन प्रबंधन को एकीकृत और पारदर्शी बनाने के लिए लोगो, वेबसाइट एवं डिजिटल पोर्टल का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ से किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के तहत आउटसोर्स कर्मियों के मानव संसाधन प्रबंधन को एकीकृत और पारदर्शी बनाने के लिए लोगो, वेबसाइट एवं डिजिटल पोर्टल का अनावरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए मानदेय और सेवा सुविधाओं से जुड़ी नई व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी होगी। चयन योग्यता एवं मेरिट के आधार पर तथा राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार किया जाएगा। भर्ती से लेकर पोस्टिंग, उपस्थिति, वेतन, ग्रेच्युटी, बीमा और अन्य सेवा लाभों का डिजिटल प्रबंधन एवं निगरानी की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी एक ही पोर्टल पर अपनी सर्विस डिटेल, बैंक खाता, अटेंडेंस, वेतन और वेतन से होने वाली कटौती की जानकारी देख सकेंगे। कर्मचारी इसी माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर उसका स्टेटस भी देख सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों का वेतन सीधे उनके बैंक खाते में हर महीने की 5 तारीख तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी। ईपीएफ और ईएसआई का योगदान भी नियमित रूप से जमा किया जाएगा। किसी एजेंसी को कर्मचारी के वेतन से अनावश्यक सर्विस चार्ज या अन्य कटौती करने की अनुमति नहीं होगी। सरकार की ओर से कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। दुर्घटना बीमा के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार परिवार को आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मातृत्व अवकाश समेत अन्य वैधानिक सेवा लाभ भी उपलब्ध कराने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी आउटसोर्स कर्मचारी को मनमाने तरीके से हटाने की अनुमति नहीं होगी। कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई से पहले संबंधित मामले की जानकारी सरकार को देनी होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के शोषण और उत्पीड़न को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गाजीपुर में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रम विभाग की ओर से बीओसीडब्ल्यू लाभार्थियों को डेमो चेक और सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट वितरित की गई। जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने आउटसोर्स सेवा निगम के नियमों और नई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भर्तियां निगम के पोर्टल के माध्यम से होंगी तथा ईपीएफ, ईएसआई और न्यूनतम मानदेय समेत सेवा सुरक्षा से जुड़े प्रावधान लागू किए जाएंगे।
