-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बढ़े पारिश्रमिक से आउटसोर्स कर्मियों में खुशी, पोर्टल का हुआ शुभारंभ
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल के शुभारंभ और आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा का बस्ती में सजीव प्रसारण किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल के शुभारंभ और आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा का बस्ती में सजीव प्रसारण किया गया। बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और आउटसोर्स कर्मियों के हितों को लेकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ग का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। वेबसाइट और पोर्टल से बढ़ेगी पारदर्शिता मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट और पोर्टल के माध्यम से आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी। डिजिटल व्यवस्था के जरिए कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा का भी उल्लेख किया। बस्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डेमो चेक और टूल किट भी वितरित की गईं। बढ़े हुए पारिश्रमिक और सरकार की नई पहल की जानकारी मिलने के बाद कार्यक्रम में मौजूद आउटसोर्स कर्मियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, नगर पालिका ईओ अंगद गुप्ता, बीएसए अनूप तिवारी और सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया। उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को आउटसोर्स कर्मियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि नई व्यवस्था से उन्हें पारिश्रमिक, सुविधाओं और अन्य सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से मिल सकेगा।
